छठे चरण का चुनाव प्रचार आज शाम को थम जाएगा। बलिया के सातों विधान सभा सीटों पर सियासी दल अपने तरकश का तीर चला चुके हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव फेफना व बलिया नगर विधान सभा क्षेत्र की सीमा पर स्थित कटरिया गांव के मैदान में पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने पहुंचे। सपा प्रमुख का हेलीकाप्टर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में जोश भर गया।
बलिया नगर सीट के प्रत्याशी पूर्व मंत्री नारद राय व फेफना सीट के प्रत्याशी संग्राम सिंह यादव, पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी सहित अन्य पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया। अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने सभी को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देकर अपनी बात शुरू की। कहा कि बलिया ने हमेशा देश को नई दिशा देने का काम किया है। जनता को चलने वाली पार्टी भाजपा का इस बार बलिया में खाता तक नहीं खुलेगा। इस बार के चुनाव में भी बलिया इतिहास कायम करने जा रहा है।
कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो अगले पांच वर्षों तक मुफ्त राशन देंगे। इसके लिए हमने अभी से तैयारी कर ली है। भाजपा की हार के डर से बाबा को नींद उड़ गई है। जनता उनको बाय-बाय कर चुकी है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की गर्मी निकल गई है, उनके नेता भी निराश हो गए हैं। यह पार्टी सबसे बड़ी होने के साथ सबसे झूठी पार्टी भी है। इससे सावधान रहने की जरूरत है। इनसे पार पाने के लिए सपा कार्यकर्ताओं को ज्यादा संघर्ष करने की भी जरूरत नहीं है, बस चुनाव वाले दिन वोट डालना है।
उन्होंने कहा, भाजपा सरकार में किसानों को समय से खाद नहीं मिल रही। हर बोरी में पांच किग्रा वजन भी घटा दिया और दाम भी महंगा कर दिया। फिर सरकार में आए तो प्रति बोरी 10 किग्रा चोरी करेंगे। इनके शासन में देश का कोई विकास नहीं हुआ, उल्टे हवाई जहाज और अड्डा भी बेच दिया। पिछले तीन सालों में बच्चों की पढ़ाई चौपट हो गई। बिजली के मामले में भाजपा ने उत्पादन नहीं बढ़ाया, सिर्फ रेट महंगा किया। हमारी सरकार बनने पर 300 यूनिट फ्री बिजली दी जाएगी। संचालन पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी ने किया।
